समूह में नमाज पढ़ने से रोकने पर पुलिस पर कर दिया था हमला, लिखना पड़ा माफीनामा, मुकदमा भी झेलेंगे

 


समूह में नमाज पढ़ने से रोकने पर पुलिस पर कर दिया था हमला, लिखना पड़ा माफीनामा, मुकदमा भी झेलेंगे


देवरिया के रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के बसंतपुर गांव में शुक्रवार को मस्जिद में सामूहिक रूप से नमाज पढ़ने से रोकने पर पुलिस के साथ नोकझोंक करने वाले लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। यह मुकदमा थानाध्यक्ष जयंत कुमार सिंह की तहरीर पर हुआ है। 


बसंतपुर गांव स्थित मस्जिद में शुक्रवार को लगभग डेढ़ से दो दर्जन लोग जुम्मे की नमाज अदा करने गए थे। इसकी सूचना किसी ने पुलिस को दी। बरवा मीरछापर पिकेट के दो सिपाही गांव पहुंचे और मस्जिद में नमाज पढ़ने से मना किया। इस बात को लेकर नमाजियों और पुलिसकर्मियों में नोकझोंक हो गई। पुलिसकर्मियों ने घटना की सूचना इंस्पेक्टर जयंत कुमार सिंह को दी। 


मौके पर एसडीएम सदर दिनेश कुमार मिश्रा, सीओ सदर निष्ठा उपाध्याय समेत तरकुलवा और बघौचघाट थानों की भारी फोर्स पहुंच गई। दोनों अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझा कर शांत कराया और मस्जिद से नमाजियों को बाहर निकलवाया। अधिकारियों ने मौलवी समेत डेढ़ दर्जन नमाजियों से माफीनामा भरवा कर उस समय घर भेज दिया। 


एसडीएम सदर दिनेश कुमार मिश्र ने लॉकडाउन के दौरान एक जगह जुट कर भीड़ लगाने पर रोक को देखते हुए सभी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने का निर्देश दिया था। शुक्रवार की रात को थानाध्यक्ष जयंत कुमार सिंह की तहरीर पर 18 नामजद व ढाई दर्जन अज्ञात पर धारा 186, 188, 270 , 51 ख आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है।